Nav Bharat Himachal Times

BJP की होगी वापसी या बने रहेंगे केजरीवाल, दिल्ली में किसकी सरकार? रिजल्ट आज…

BJP की होगी वापसी या बने रहेंगे केजरीवाल, दिल्ली में किसकी सरकार? रिजल्ट आज

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर तैयारियां मुकम्मल हैं। मतों की गिनती का काम शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गिनती का काम शुरू हो जाएगा। मतगणना के शुरुआती रुझान नौ के बाद आने शुरू हो जाएंगे। दोपहर तक दलीय स्थिति दोपहर तक स्पष्ट होने लगेगी।

 

19 केंद्रों पर मतगणना

 

दिल्ली के 11 जिलों के 19 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के मुख्यालयों पर मतगणना के नतीजों के पल-पल के अपडेट से वाकिफ होने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मुख्यालयों पर पार्टियों के वरिष्ठ नेता, मीडियाकर्मी और कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए मौजूद रहेंगे।

 

ईवीएम की निगरानी के लिए कड़ा पहरा

 

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को आयोग और पुलिस अधिकारियों की कड़ी निगरानी में स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मतगणना केंद्रों को त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में लिया गया है। मतगणना के लिए पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों, माइक्रो प्रषकों, डाटा अधिकारियों को काम पर लगाया गया है।

 

कैमरे में कैद होगी पूरी प्रक्रिया

 

एक अधिकारी ने बताया कि ईवीएम रखने के लिए कुल 70 स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए हैं, जिन पर सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे नजर रखी जा रही है। मतगणना भी सीसीटीवी के अलावा पर्यवेक्षकों, माइक्रो पर्यवेक्षकों की निगरानी में होगी। स्ट्रॉन्ग रूम से ईवीएम को बाहर लाने से लेकर वोटों की गिनती तक पूरी वीडियोग्राफी की जाएगी। कुल पांच हजार कर्मचारी मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए लगाए गए हैं।

 

हर क्षेत्र में रैंडम जांच होगी

 

दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है। पांच हजार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इनमें पर्यवेक्षक, सहायक, माइक्रो ऑब्जर्वर, सांख्यिकी कर्मचारी और अन्य सहायक स्टाफ शामिल हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच वीवीपैट मशीनों की पर्चियों की गिनती रैंडम की जाएगी, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी का आकलन या मिलान करने में आसानी हो।

दोपहर बाद साफ होने लगेगी तस्वीर

 

चुनाव आयोग के अनुसार, नई दिल्ली और उत्तर-पश्चिम जिलों में तीन-तीन स्थलों पर मतों की गिनती कराई जाएगी जबकि चार जिलों में दो-दो और पांच जिलों में एक-एक मतगणना स्थल पर गिनती होगी। कल सुबह सबसे पहले पोस्टल बैलेट के वोट गिने जाएंगे। इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। अपराह्न तक चुनाव परिणाम की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

 

60.42 प्रतिशत मतदाताओं ने डाले वोट

 

दिल्ली में पांच फरवरी को हुए मतदान के अनुसार राजधानी के 11 जिलों में 60.42 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जिलावार मतदान प्रतिशत में उत्तर-पूर्वी दिल्ली सबसे आगे रही और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मतदान सबसे कम रहा।

 

कहां कितना मतदान?

 

सेंट्रल दिल्ली में 59.09 फीसदी, पूर्वी दिल्ली में 62.37, नई दिल्ली में 57.13, उत्तरी दिल्ली में 59.55, उत्तर-पूर्व दिल्ली में 66.25, उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 60.7, शाहदरा में 63.94, दक्षिणी दिल्ली में 58.16, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 56.16, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में 61.07 और पश्चिमी दिल्ली में 60.76 प्रतिशत मतदान हुआ था।

 

AAP और बीजेपी में कड़ी टक्कर

 

दिल्ली में सत्तारूढ AAP जहां चौथी बार सत्ता हासिल करने की कोशिश में है तो दूसरी ओर भाजपा 25 साल के बाद इस बार हर हाल में सत्ता में वापसी करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। साल 2020 के चुनाव में कुल 70 सीट में से AAP के खाते में 62 सीटें आई थीं जबकि भाजपा को केवल 8 सीटों से संतोष करना पड़ा था। कां

ग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी।

 

 

Navbharat Himachal Times
Author: Navbharat Himachal Times

नवभारत हिमाचल टाइम्स मुख्य रूप से दिल्ली, उत्तर प्रदेश हरियाणा पंजाब उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे बड़े शहरों में वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए यह देश और दुनिया भर में पढ़ा जाता है। विशेषताएँ: हिंदी भाषा में सरल और सटीक खबरें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, तकनीक और जीवनशैली से संबंधित विस्तृत कवरेज। डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर लाइव अपडेट्स और ब्रेकिंग न्यूज़। नवभारत हिमाचल टाइम्स एक स्थानीय हिंदी समाचार पोर्टल है जो विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश राज्य की खबरों पर केंद्रित है। यह पोर्टल हिमाचल की स्थानीय जनता को उनकी जरूरत की हर जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराता है। इस में हिमाचल की राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, मौसम, पर्यटन, और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित होती हैं। मुख्य विशेषताएँ: हिमाचल प्रदेश की स्थानीय और ताज़ा खबरों का बेहतरीन स्रोत। आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना। पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं और उपलब्धियों को उजागर करना।